नाग पंचमी महोत्सव की रही धूम, पूर्व विधायक विजयपाल ने प्रतिभाग कर सुख-समृद्धि की कामना की

 

उत्तरकाशी के धनारी व टकनौर पट्टी के विभिन्न स्थानों में नाग पंचमी महोत्सव मनाया गया। गंगोत्री क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने धनारी एवं टकनौर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न नाग पंचमी महोत्सवों में प्रतिभाग कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की। पूर्व विधायक ने धनारी क्षेत्र के पंचाणगांव स्थित भगवान श्री चन्दन नाग देवता के सिद्धपीठ मन्यारा धाम में पहुंचकर दिव्य धाम क्षेत्र की गहरी देव आस्था, लोक परंपराओं एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक को लेकर कहा कि ऐसे पावन धाम हमारी सनातन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए रखने के साथ ही समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करते हैं। उन्होंने पंचाणगांव के समस्त ग्रामवासियों को प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री चन्दन नाग देवता से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
उधर टकनौर क्षेत्र के बार्सू गांव में भगवान श्री बासुकी नाग देवता के सानिध्य में आयोजित नाग पंचमी देव महोत्सव में भी पूर्व विधायक ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भगवान बासुकी नाग देवता का दुग्धाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना भी हुई। महोत्सव के दौरान यमुनोत्री क्षेत्र की गीठ पट्टी के राना गांव से भगवान श्री समेश्वर देवता तथा पड़ोसी पाला गांव से सर्पनाथ देवता, नारायण देवता व नरसिंह देवता के साथ भगवान समेश्वर देवता की देव डोलियों के आगमन एवं दिव्य मिलन के भी दर्शन किए। देव डोलियों के इस पावन संगम ने पूरे क्षेत्र को श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत कर दिया।
पूर्व विधायक ने कहा कि उत्तराखंड की विशिष्ट देव संस्कृति, लोक आस्था और देव डोलियों की परंपरा हमारी सबसे बड़ी सांस्कृतिक पहचान है।
उन्होंने बार्सू गांव के समस्त ग्रामवासियों को नाग पंचमी देव महोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *