आगामी चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है। चार धाम में गंगोत्री व यमुनोत्री धाम उत्तरकाशी जिले में स्थित हैं। यात्रा को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जा रही है। यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के लिए विशेष प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके। डीएम प्रशांत आर्य द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दोनों धामों में सुचारू व्यवस्थाओं के संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह को यमुनोत्री धाम एवं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र को गंगोत्री धाम का सुपर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित अधिकारी दोनों धामों में यात्रा से संबंधित संपूर्ण व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती भी की है। ये अधिकारी अपने-अपने सेक्टर में व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे।