बुधवार को विजिलेंस की टीम ने प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट को एक लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान टीम ने इस मामले में शामिल पुष्पांजलि पत्नी पंकज शर्मा, निवासी लेन नंबर-5 डालनवाला, देहरादून (वर्तमान में स्वामी उत्तरांचल मॉडर्न स्कूल, गुमानीवाला, ऋषिकेश) को भी सह-अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार किया।
विजिलेंस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने आरटीई के तहत छात्रों की प्रतिपूर्ति राशि के बिल पास कराने के एवज में शिकायतकर्ता से एक लाख की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद रिश्वत की राशि लेते समय विजिलेंस टीम ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
उधर गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।