मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के अभियान अंतर्गत एसटीएफ ने बड़ी कार्यवाही की है। अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ विवेक कुमार के नेतृत्व में
उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक और स्थानीय पुलिस टीम भी मौजूद रही। छापे के दौरान जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की गईं। बरामदगी में कुल 9,416 नशीले कैप्सूल, 1,300 टैबलेट और 51 कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल हैं।
इस कार्यवाही के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक राज कुमार को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गदरपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की किसी भी सूचना को साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को अवैध नशीले पदार्थों की गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो वह नजदीकी थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ के हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202, 9412029536 पर सूचना दे सकता है।