भ्रष्टाचार के खिलाफ़ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी कार्यालय में कार्यरत एक डाटा ऑपरेटर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रमोद सेमवाल उपनल के माध्यम से सहायक आयुक्त राज्य कर, खंड-3, हरिद्वार कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पूर्व वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह के वैट कर के निपटान को लेकर विभाग की ओर से 1 लाख 76 हजार रुपये की देनदारी बताई गई थी। जिसे खत्म करने के लिये आरोपी डाटा एंट्री ऑपरेटर शिकायतकर्ता से एक लाख से ऊपर की रिश्वत किश्तों में देने की मांग कर रहा था।
जिसके बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी प्रमोद सेमवाल निवासी जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।