सीमांत विकास खंड मोरी के दूरस्थ दोणी गांव में आयोजित जन-जन की सरकार,जन के द्वार,प्रशासन चला गांव की ओर अभियान में खासी भीड़ रही।
डीएम प्रशान्त आर्य की अध्यक्षता व विधायक दुर्गेश लाल की उपस्थिति में शिविर आयोजित हुआ। शिविर में कुल 67 समस्याएं,शिकायतें दर्ज हुई। डीएम ने अधिकारियों की उपस्थिति में अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की।
शिविर में ग्राम सट्टा निवासी चंद्रमणि रावत ने मसरी पीएमजीएसवाई सड़क मार्ग से मलबा आने के कारण सेब के पेड़ों को हुए नुकसान पर मुआवजा देने की मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्रतिकर संबंधी प्रस्ताव मुख्य अभियंता को भेजा जा चुका है। ग्रामीणों ने पशुचारा लाने हेतु सिलान नामे तोक में लकड़ी का पुल निर्माण की मांग रखी। विधायक ने उप निदेशक गोविंद वन्य जीव विहार को ग्रामीणों के हक-हकूक को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मसरी ग्राम प्रधान ने मसरी एवं खन्यासणी में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया, जिस पर विधायक ने डीएम से जांच कराने का अनुरोध किया। जगदीश कुंवर ने दोणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की। डीएम ने कहा कि पीएचसी का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जा चुका है। सेवा गांव में पंचायत भवन निर्माण की मांग पर विधायक ने संबंधित विभाग को प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान कमला देवी ने सेवा,बरी गांव से हिमाचल प्रदेश के डोडरा क्वार तक सड़क मार्ग निर्माण की मांग उठाई। विधायक ने अवगत कराया कि उक्त मार्ग को केंद्र से वन्य जीव विहार की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा पीएमजीएसवाई द्वारा डीपीआर तैयार कर ली गई है। वन विभाग की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया है और द्वितीय या तृतीय चरण में कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। मोटर पुलों के संबंध में विधायक ने जानकारी देते हुए कहा कि दोला एवं गियांगाड़ में मोटर पल के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है, जो क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है।
ग्राम प्रधान प्रमिला देवी हड़वाड़ी ने आपदा से क्षतिग्रस्त धौला-दाताधार पैदल मार्ग को सुचारू कराने की मांग की। यह मार्ग हिमाचल प्रदेश की पांच पंचायतों के लिए भी महत्वपूर्ण आवागमन का साधन है। विधायक ने गोविंद वन्य जीव विहार को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
राजीव कुंवर ने भीतरी, खन्यासणी एवं सेवा बरी गांवों में शिक्षकों की तैनाती की मांग की। उन्होंने बताया कि मसरी में 49 तथा बरी में 40 छात्र होने के बावजूद शिक्षक तैनात नहीं हैं। इस पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षाधिकारी को एक मार्च तक शिक्षकविहीन विद्यालयों में तैनाती सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए साथ ही निर्देशित किया कि जहां छात्र संख्या कम और शिक्षक अधिक हैं,वहां से समायोजन किया जाए। बेनोल-नैटवाड़ बाईपास मार्ग पर नैटवाड़ में वैली ब्रिज निर्माण की मांग पर विधायक ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
गशिविर में ग्रामीणों की मांग पर डीएम ने सट्टा गांव में आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं केवाईसी संबंधी कार्यों के लिए 26, 27 और 28 फरवरी को तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा की। जगदीश कुंवर ने भीतरी में लो वोल्टेज की समस्या तथा स्याड़ी व बताणु तोक में खराब विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में ब्लाक प्रमुख रणदेव राणा,ज्येष्ठ प्रमुख त्रेपन राणा,जिला पंचायत सदस्य अनुपराज समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।