करोड़ों की ठगी से परेशान किसान ने खुद को गोली से उड़ाया

 

काशीपुर के पैगा निवासी एक किसान सुखवंत सिंह ने हल्द्वानी के गौलापार स्थित एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना देर रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। जिसके बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सुखवंत सिंह जमीन के सौदे में हुई करोड़ों की धोखाधड़ी के कारण गहरे मानसिक तनाव में था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह अपनी पत्नी प्रदीप कौर और 12 वर्षीय बच्चे के साथ नैनीताल घूमने आया था। वापसी के दौरान वह गौलापार के देवभूमि होटल में रुका हुआ था। सुखवंत पर पूर्व में धोखाधड़ी के करीब पांच मुकदमे दर्ज थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि होटल के कमरे में वह पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर काफी विचलित था। तनाव के चरम पर पहुंचने के बाद उसने अपनी पत्नी और बच्चे के सामने ही असलहा निकाल लिया। पत्नी और बच्चे ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। जिसके बाद उसकी पत्नी और बच्चा मदद मांगने के लिए नीचे होटल के रिसेप्शन की ओर भागे। जैसे ही उन्होंने होटल कर्मियों को आपबीती सुनाई, तभी ऊपर कमरे से गोली चलने की आवाज आई। सुखवंत ने अपने सिर के दाहिनी ओर सटाकर गोली मार ली थी, जो सिर के बाईं ओर से पार निकल गई। सूचना मिलते ही क्षेत्रधिकारी अमित कुमार सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुखवंत की मौत हो चुकी थी। आत्म हत्या से पूर्व सुखवंत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसने पूरे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में सुखवंत ने काशीपुर के एक गिरोह पर जमीन के नाम पर करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी करने का सीधा आरोप लगाया है। सुखवंत ने बताया कि वह काशीपुर के पैगा गांव का निवासी है और उसे अमरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, आशीष और जाहिर हुसैन सहित अन्य लोगों ने बक्सौरा गांव में 7 एकड़ जमीन दिखाई थी। आरोप है कि जालसाजों ने पैसे लेने के बाद उसे किसी दूसरी जमीन की रजिस्ट्री थमा दी। वायरल वीडियो में सुखवंत ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने इस धोखाधड़ी की शिकायत उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। न्याय न मिलने और आर्थिक नुकसान के कारण वह टूट चुका था। घटना के बाद मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि सुखवंत के पास अवैध असलहा कहां से आया और वायरल वीडियो में नामजद आरोपियों की इस मौत में क्या भूमिका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *