आये दिन पहाड़ में जंगली जानवरों द्वारा हमले किये जाने से लोग भयभीत हैं। एक बार फिर पौड़ी जिले में गुलदार ने एक महिला पर हमला किया है।पौड़ी डोभाल ढांडरी गांव में खेत में घास काट रही 62 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार भगवानी देवी उम्र 62 वर्ष पत्नी पूरण सिंह नेगी, खेत में घास लेने गई थीं। तभी अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। उनके साथ गई अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, जिससे गुलदार मौके से भाग गया। लेकिन तब तक महिला को गंभीर चोटें पहुँच चुकी थीं। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
उक्त घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है।
उधर डीएफओ अनिरुद्ध सिंह का कहना है कि वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए गए हैं और गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
