डीएम प्रशांत आर्य ने जिला पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष रमेश चौहान को पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी तदोपरांत अध्यक्ष जिला पंचायत ने उपाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअल माध्यम से नव निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यगणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। डीएम ने शपथ ग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्वाचित सभी प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं,नीतियों को निर्धारित करने और अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में आप सबकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उधर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पंचायत क्षेत्र में समावेशी विकास,आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी तथा सड़कों की कनेक्टिविटी में सुधार तथा बागवानी को प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आपदा के दृष्टिगत हमारा जिला संवेदनशील जोन में है और पूरा जिला वर्तमान में भीषण आपदा से जूझ रहा है। ऐसे में हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि जन जीवन को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाया जाए। शपथ ग्रहण समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान,पुरोला दुर्गेश्वर लाल,दर्जाधारी जगत सिंह चौहान, प्रताप पंवार,रामसुंदर नौटियाल,बीजेपी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी,भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान,पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, सूरत राम नौटियाल,ब्लॉक प्रमुख डुंडा रणदीप परमार,मोरी रणदेव राणा, भटवाडी़ ममता पंवार,सीडीओ एस.एल सेमवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।