विजिलेंस की टीम ने सतपुली ट्रेजरी कार्यालय के सब ट्रेजरी ऑफिसर को 8 हजार रुपए की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता द्वारा विजिलेंस को शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर पालिका में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के कार्य का 10 लाख रुपए का बिल पास करवाने के लिए वह ट्रेजरी ऑफिस गए थे। वहां पर तैनात सब ट्रेजरी ऑफिसर कौशल कुमार निवासी लक्ष्मीपुरम लोअर तुनवाला ने उनसे बिल पास करने के एवज में रकम की मांग की थी। जिसके बाद सौदा 8 हजार रुपये में तय हो गया। विजिलेंस की टीम ने प्राथमिक जांच में शिकायत को सही पाते हुए गुरुवार को आरोपी कौशल कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की टीम ने आरोपी के आवास की भी तलाशी ली है।निदेशक सतर्कता डॉ. वी मुरूगेसन ने कहा कि यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी, कार्य के लिए किसी प्रकार का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है तथा उसके द्वारा आय से अधिक अवैध संपत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस संबंध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नंबर-1064 एवं Whatsapp हैल्पलाइन नंबर 9456592300 पर संपर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें।
