देश मे एकमात्र राहु मंदिर पौड़ी जिले के पैठाणी में स्थित है। डीएम पौड़ी का कहना है कि यह मंदिर आस्था का भी प्रतीक है। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को लेकर मंदिर परिसर में स्वच्छता का अभियान चलाया और वृक्षारोपण भी किया। सफाई अभियान के दौरान इस इलाके से 25 बैग कचरा एकत्र किया गया। डीएम ने कहा कि मंदिर परिसर में स्थायी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित होने तक सफाई कार्य की जिम्मेदारी जिला पंचायत को सौंपी गयी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। इस दौरान डीएम ने राहू मंदिर परिसर में फलदार पौधे का रोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने कांडई गांव में प्रस्तावित हैलीपैड हेतु चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया साथ ही मंदिर परिसर के निकट कूड़ा संग्रहण केंद्र हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश राजस्व उपनिरीक्षक को दिये। डीएम ने लोक निर्माण विभाग को मुख्य मार्ग से राहू मंदिर तक सड़क निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि देश के एकमात्र राहू मंदिर को भारत और विश्व के धार्मिक मानचित्र पर लाने हेतु हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहु मंदिर के लिये सड़क, हैलीपैड, कूड़ा संग्रहण केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र सुलभ कराया जायेगा। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, कार्य अधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, तहसीलदार दीवान राणा, एई लोनिवि अशोक कुमार यादव, आकाश बेलवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष पैठाणी नरेंद्र सिंह, मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद रावत समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद थे।