मिली जानकारी के अनुसार नैनीताल के भुजियाघाट और रुद्रप्रयाग मे गुलदार ने दो महिलाओं को मार डाला। उक्त दोनों दुःखद घटनाएं शनिवार को नैनीताल के भुजियाघाट और रुद्रप्रयाग के जखोली स्थित जयंती गाँव मे हुई। नैनीताल वन प्रभाग के मनोरा रेंज में भुजियाघाट गांव मे घात लगाकर बैठे गुलदार ने महिला पर हमला कर मार डाला। घटना के बाद गाँव मे दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि मोरा गांव निवासी पुष्पा देवी घर से बाहर निकली थी। इसी बीच पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार महिला को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर भागने लगा। शोर सुनकर परिजन व आसपास के लोग बाहर आए और शोर मचाया। गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। गंभीर हालत में महिला को एसटीएच लाया गया जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वन रेंजर मुकुल शर्मा ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। गांव में पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है। उधर रुद्रप्रयाग मे भी गुलदार ने एक महिला को निवाला बनाया। रुद्रप्रयाग मे विकासखंड जखोली के जयंती गांव में एक 59 वर्षीय महिला रूपा देवी पत्नी रमेश थपलियाल को गुलदार ने मार डाला। शनिवार को देर शाम जयंती गांव में रूपा देवी अपने घर के बाहर खेत में काम कर रही थी। घात लगाए गुलदार ने महिला पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। जिससे महिला की मौत हो गई।