गर्मियों में निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाई है। डीएम सविन बंसल के निर्देशों पर गठित समिति द्वारा कंट्रोल रूम को मिलने वाली पेयजल की हर शिकायत और समस्या का त्वरित समाधान कर जनमानस को राहत दी जा रही है। जिले में संचालित कंट्रोल को विभिन्न माध्यमों से अब तक पेयजलापूर्ति बाधित होने की 62 शिकायतें मिली, जिसमें से 54 शिकायतों का समाधान कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। डीएम के स्पष्ट निर्देश है कि पेयजल समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण जारी रखें और ग्रीष्म काल में हर घर तक न्यून अवधि में निर्बाध, शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पेयजल आपूर्ति बाधित होने वाली अवधि में प्रत्येक घर तक टैंकर से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जाए। कंट्रोल रूम में तैनात जल संस्थान एवं जल निगम के सक्षम अधिकारी पेयजल की शिकायत मिलने पर यथाशीघ्र उसका समाधान करें।
उधर डीएम के निर्देशों पर पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की नियमित निगरानी करते हुए सभी ट्यूबवेल व नलकूपों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जल संस्थान एवं जल निगम के सभी डिविजनों में समस्याओं के निस्तारण के लिए टोल फ्री नंबर भी प्रचारित किए गए है। इसके अलावा कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 0135-2726066 व 1077 पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।