पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश रुड़की सिविल अस्पताल से फरार हो गया। जिससे पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार भगवानपुर पुलिस ने सोमवार की रात बहादुरपुर गांव के पास बाइक सवार दो संदिग्ध को रोकने की कोशिश की थी। इस पर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई थी। जबकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घायल बदमाश को रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया था और सामान्य वार्ड में भर्ती किया गया था। मुठभेड़ की सूचना के बाद सिविल अस्पताल में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली थी। जांच में सामने आया था कि गिरफ्तार बदमाश ने पुहाना में फरवरी माह में लूट की घटना को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस बदमाश की तलाश कर रही थी। एसएसपी ने बताया था कि मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश की पहचान अंशुल निवासी हरचंदपुर, मंगलौर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।रुड़की सिविल अस्पताल के सामान्य वार्ड में भर्ती बदमाश अंशुल मंगलवार सुबह सुरक्षा में तैनात दो पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
जिसके बाद बदमाश की गिरफ्तारी को लेकर गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त का पीछा करते हुए घटना के सात घंटे के भीतर अभियुक्त को थाना गंगनहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। अस्पताल से फरार अभियुक्त प्रकरण में कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही दिखाने पर पुलिस अधीक्षक क्राइम को जांच सौंपी है।
