डीएम सविन बंसल एवं एसएसपी अजय सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में बल्लुपुर-पावंटा राष्ट्रीय राजमार्ग के सम्बन्ध में अधिकारियों एवं सम्बन्धित ग्रामीणों के साथ बैठक कर दोनों पक्षों को सुना गया। डीएम ने बल्लुपुर-पांवटा हाईवे में अण्डरपास एवं ग्रामीणों द्वारा रिट पीटिशन के सम्बन्ध में एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों के समुचित आवेदनों पर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने तथा अण्डरपास को मानसून सीजन के दृष्टिगत सुरक्षा के सम्बन्ध में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने को कहा। डीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि निर्माण जनमानस, स्थानीय बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों की कीमत पर नही किया जा सकता है। निर्माण प्लान में यदि खामिया हैं तो उसे सुधार करें। एनएचएआई के अधिकारियों को डीएम ने नालों पर बने अण्डरपास जलभराव के दृष्टिकोण से पूर्ण सुरक्षित है इसका प्रमाण देने के भी निर्देश दिए। डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारी विकासनगर को मौके पर जाकर ग्रामीणों के समुचित प्रकरण पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उप जिलाधिकारी मुख्यालय शालिनी नेगी, विकासनगर विनोद कुमार, मैनेजर एनएचआई राहुल मीना, एनएचएआई से सुमित कुमार सिंह, आरके दिनकर, ओमप्रकाश सिंह समेत स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।