बोरे में बंद कर गड्ढे में दफनाए गए टेम्पो चालक का शव बरामद, पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत पांच लोगो को लिया हिरासत में

 

आठ दिनों से लापता रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी टैंपो चालक सुमित का शव शुक्रवार को प्रीत बिहार क्षेत्र में कल्याणी नदी के किनारे एक गड्ढे में मिला। जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुमित की हत्या के बाद शव को बोरे में बंद करके गड्ढे में दफनाया गया था। मामले की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल,सीओ निहारिका तोमर, कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किये और शव को गड्ढे से बाहर निकाल कर पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिजनों ने सुमित की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी और पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार रम्पुरा बस्ती निवासी टेम्पो चालक 24 वर्षीय सुमित श्रीवास्तव किराए के मकान में रहकर ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। गत 14 नवंबर को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। तब से परिजन उसकी निरन्तर खोजबीन कर रहे थे। इस मामले में रम्पुरा चौकी को भी सूचना दे दी गई थी। लेकिन पुलिस ने शुरूआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जिसके बाद परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई थी, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। गुरूवार को सुमित के परिजनों और बस्ती वासियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की अगुवाई में कोतवाली में हंगामा किया था और कोतवाल मनोज रतूड़ी का घेराव कर चेतावनी दी थी कि 24 घंटे में यदि सुमित का सुराग नहीं लगा तो आंदोलन किया जाएगा।
इसके बाद पुलिस हरकत में आई और लापता सुमित की खोजबीन तेज की गयी। हिरासत में लिये गये गणेश नाम के संदिग्ध से जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो पुलिस कोई अहम सुराग मिल गये जिसके आधार पर शुक्रवार की सुबह सुमित का शव प्रीत बिहार क्षेत्र से बरामद हो गया । गणेश ही पुलिस को शव के पास ले गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव को एक बोरे में बंद करने के बाद गड्ढे में डालकर उपर से नमक और उसके बाद मिट्टी डालकर दफनाया गया था। पुलिस ने गड्ढा खोदकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *