कांग्रेस छोड़कर सत्ताधारी दल के साथ जाने वालों की साझेदारी का जल्द होगा खुलासा: माहरा

 

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि वर्तमान मे कांग्रेस छोड़कर भाजपा मे जा रहे लोगों मे अधिकतर वह हैं जिनके कामों की जांच चल रही है या जिनके किसी कार्रवाई में फंसने की नौबत है अथवा जो सत्ता दल के बड़े नेताओं के पार्टनर हैं।उन्होंने कहा कि केवल वही लोग पार्टी छोड़कर जा रहे है जबकि नीचे का कार्यकर्ता किसी भी पार्टी का अन्यत्र नहीं जा रहा है साथ ही कार्यकर्ता अपने सिद्धांतों से टस से मस नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हम इस बात का खुलासा करेंगे कि दलबदल करने वाले किस नेता पर कितना दंड आरोपित किया गया था और वह दंड वसूला गया है या नहीं? उन्होंने यह भी खुलासा करने की बात कही कि बहुत जल्द सामने आ जायेगा कि किस नेता की सत्तारूढ़ दल के किस नेता के साथ पार्टनरशिप थी।
देहरादून में गठबंधन इंडिया एलाइंस की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त विपक्ष लोकसभा चुनाव पूरी मजबूती और एकता के साथ लड़ने का संकल्प दोहराते आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बदलाव की बयार में प्रदेश की सभी पांच सीटों पर मतदाता ऐतिहासिक निर्णय देकर इंडिया एलाइंस को विजयी बनाएंगे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के मुख्य मीडिया समन्वयक राजीव महर्षि, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एस. एस. दलेर, इंडिया एलाइंस के प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, कांग्रेस नेता गीताराम जायसवाल और विकास नेगी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *