देहरादून/ डीएम डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 105 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें बुजुर्गों की संपत्ति पर कब्जे, पारिवारिक प्रताड़ना, अवैध अतिक्रमण, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता एवं प्रमाण पत्र संबंधी मामले प्रमुख रहे। डीएम ने समस्याओं पर अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्लेमेंटटाउन निवासी 75 वर्षीय बिहारी लाल ने अपने पुत्र पर आवासीय भवन बेचने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद इस उम्र में उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने अपने आवासीय भवन की बिक्री पर रोक लगाने की गुहार लगाई। डीएम ने एसडीएम को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कैलाशपुर निवासी मीना देवी ने अपने बेटे-बहू पर मकान पर जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और कमरे में बंद करने का आरोप लगाते हुए सुरक्षा एवं मकान से कब्जा हटवाने की मांग की। वहीं ऋषिकेश निवासी 76 वर्षीय उषा भल्ला ने अपने बेटे-बहू पर ऋषिकेश स्थित फ्लैट पर कब्जा कर उन्हें बेघर करने का आरोप लगाया। डीएम ने दोनों मामलों में संबंधित एसडीएम को प्राथमिकता से कार्रवाई कर पीड़ित बुजुर्ग महिलाओं को राहत दिलाने के निर्देश दिए।
दीपनगर निवासी 65 वर्षीय विनोद प्रसाद ने पुत्र पर भरण-पोषण के लिए खर्च न देने और आए दिन विवाद करने का आरोप लगाते हुए उसे संपत्ति से बेदखल करने की मांग की। इस पर एसडीएम सदर को मामले की जांच कर बुजुर्ग दंपति को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए। पटेल नगर निवासी कर्मा देवी ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद वह दो-तीन माह तक अपने प्लॉट की निगरानी नहीं कर सकीं। इस दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने प्लॉट पर बाउंड्री बनाकर अवैध कब्जा कर लिया। डीएम ने तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई कर अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।
जनपद टिहरी के ग्राम कुखई निवासी मंगल सिंह ने शिकायत की कि उन्होंने एक प्रॉपर्टी डीलर को 125 वर्गमीटर भूमि की खरीद के लिए 40 लाख रुपये दिए थे, लेकिन 11 माह बीतने के बाद भी भूमि की रजिस्ट्री नहीं की जा रही है और उन्हें लगातार गुमराह किया जा रहा है। डीएम ने मामले की जांच कर धोखाधडी करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
