जमदग्नि ऋषि की तप स्थली थान में हुआ ऋषि पंचमी महोत्सव का भव्य आयोजन

उत्तरकाशी में विकासखंड नौगांव के थान गांव स्थित श्री जमदग्नि ऋषि महाराज की पावन तपस्थली में दो दिवसीय ऋषि पंचमी महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक देव संस्कृति के साथ हुआ। इस महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महोत्सव का शुभारंभ गणपति पूजन एवं कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके पश्चात क्षेत्र की विभिन्न देव डोलियों का आगमन एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। शाम को ऋषि महाराज के दरबार में विशेष आरती एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वहीं रात्रि में भागवत कथा एवं ऋषि पंचमी के धार्मिक महत्व पर प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया गया। आयोजक मंडल के सदस्य अमित डिमरी, सुशील डिमरी ने बताया कि ऋषि पंचमी महोत्सव में देव डोलियों की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। हवन-पूजन, पूर्णाहुति, रासो नृत्य एवं देवडोली नृत्य सहित विभिन्न पारंपरिक कार्यक्रम महोत्सव के प्रमुख आकर्षण रहे।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऋषि पंचमी महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राचीन आस्था, देव परंपरा और समृद्ध लोक संस्कृति का जीवंत उत्सव है। श्री जमदग्नि ऋषि की पावन तपस्थली पर आयोजित यह महोत्सव नई पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *