उत्तराखंड,60 वर्ष की आयु से रोडवेज की बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा

 

चकरपुर में रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलने की घोषणा की।
इसके साथ ही देहरादून में 10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित करने, महिला स्वरोजगार योजना में रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाने और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए आधुनिक हाईटेक टॉयलेट बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिल रही है। अब महिलाओं के लिए यह सुविधा 60 वर्ष की आयु से लागू की जाएगी। इससे प्रदेश की अधिकाधिक बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित होंगी साथ ही चरणबद्ध तरीके से इस सुविधा का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *