दूधगाडू थौलू में पूर्व विधायक विजयपाल ने क्षेत्रवासियों की सुख समृद्धि की कामना की

 

उत्तरकाशी के बाड़ागड्डी क्षेत्र के मुस्टिकसौड़ में क्षेत्राधिपति श्री हरि महाराज जी के पावन सानिध्य में आयोजित पौराणिक दूधगाड़ू ‘फुलोई थौलू’ मेले में पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने प्रतिभाग कर क्षेत्र की समृद्ध लोक आस्था एवं पौराणिक परंपराओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर उन्होंने श्री हरि महाराज जी, हुणेश्वर भगवान, नागराजा देवता एवं माता खंडद्वारी के दर्शन कर क्षेत्र एवं समस्त जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की मंगलकामना की।
मेले में भगवान के दिव्य दुग्धाभिषेक तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों से श्रद्धापूर्वक लाए गए देव पुष्पों से की गई विशेष पूजा-अर्चना आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। सदियों से चली आ रही यह अनूठी परंपरा देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है, जो आज भी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सजवाण ने कहा कि देवभूमि की पहचान केवल उसके हिमालय और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि यहां की जीवंत लोक परंपराओं, देवी-देवताओं के प्रति अटूट आस्था और सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत से भी है। ऐसी पौराणिक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने भगवान हरि महाराज जी से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने तथा समस्त जनमानस पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य जन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *