चमोली मे टीएचडीसी की टनल मे भूधसाव, रेस्क्यू अभियान जारी

 

चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की सहायक कंपनी एचसीसी द्वारा निर्माणाधीन DRT टनल के अंदर मलबा गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया है, जिसमें 18-19 के लगभग मजदूर सुरंग के भीतर फंस गए।

​दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक 10 मजदूरों को सुरंग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकालने का काम तेजी से जारी है।

​चमोली के डीएम गौरव कुमार ने जानकारी दी है कि सुरक्षित बचाए गए सभी मजदूरों को इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया जा रहा है।

शाम 8 बजे तक खोज एवं बचाव अभियान मे 13 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों की तलाश एवं सुरक्षित रेस्क्यू के लिए अभियान लगातार जारी है। जिला प्रशासन द्वारा घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं।

सीएम ने दिये युद्धस्तर पर रेस्क्यू चलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी (THDC) टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं तथा स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *