उत्तरकाशी जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को पारदर्शी, सर्वस्पर्शी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “SIR शंका-समाधान-संवाद” अभियान के तहत विकासखण्ड मोरी सभागार में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य एवं अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज मोरी एवं राजकीय महाविद्यालय मोरी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को SIR प्रक्रिया, मतदाता सूची के सत्यापन तथा निर्वाचन साक्षरता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनसे पूछा कि “हम मतदान क्यों करते हैं?” विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए। डीएम ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को मतदान के महत्व तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं Electoral Literacy Messenger (निर्वाचन साक्षरता दूत) बनकर अपने परिवारों और समुदाय तक निर्वाचन संबंधी सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचा सकते हैं।
इस दौरान महाविद्यालय के छात्रों द्वारा डीएम के समक्ष महाविद्यालय में पुस्तकालय की मांग को रखा जिसे डीएम ने छात्रों के हित में पुस्तकालय की मांग को मौके पर ही समाधान कर दिया।महाविद्यालय की निर्माणाधीन भवन निर्माण की देरी की शिकायत पर डीएम ने कार्यदायी संस्था से वार्ता कर कार्यवाही का आश्वासन दिया। छात्रों द्वारा महाविद्यालय में भूगोल और संस्कृत को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी रखी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र अमोली, प्राचार्य डा. आर.के. वर्मा,डा. अवधेश विजल्वाण,श्रीकांत नौटियाल,बीएल भुराटा, कुलदीप व उतर सिंह एवं प्रधानाचार्य बिसन रावत आदि उपस्थित रहे।