नशे के विरुद्ध सख्ती बढ़ाने के निर्देश, भांग व अफीम की अवैध खेती पर रखें सख्त निगरानी

 

उत्तरकाशी/  डीएम प्रशांत आर्य ने जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की समीक्षा बैठक में जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की विस्तृत समीक्षा की साथ ही निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। डीएम ने जनपद में नशे के विरुद्ध पुलिस, वन तथा राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर संदिग्ध स्थलों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में अवैध भांग और अफीम की खेती पर सख्त निगरानी रखने और ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर अवैध फसलों को तत्काल नष्ट करने के निर्देश भी दिये। बैठक में आगामी 18 अगस्त को नशे के विरुद्ध शपथ कार्यक्रम की रूप रेखा पर भी विस्तृत चर्चा हुई जिसमें डीएम ने ऑडियो–वीडियो क्लिप, जागरूकता कार्यक्रम, स्कूली बच्चों की स्पीच सहित अन्य गतिविधिया आयोजित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाए। जिससे समाज को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *