उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर जिले की तहसील सितारगंज में तैनात संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को 14 हजार की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा शिकायतकर्ता से भूमि पर लगे कुर्की आदेश को समाप्त करने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा शिकायतकर्ता की पत्नी के केसीसी ऋण पर जारी आरसी की कार्रवाई खत्म करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। आरोप है कि संग्रह अमीन ने ₹10 हजार और वरिष्ठ सहायक ने ₹6 हजार रिश्वत मांगी थी।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। मंगलवार को टीम ने तहसील कार्यालय में जाल बिछाकर संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8 हजार तथा वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा को ₹6 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।