सुमन दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं टिहरी रियासत के जननायक अमर शहीद श्री देव सुमन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर श्रीदेव सुमन के जीवन-दर्शन और संघर्ष को अविस्मरणीय बताते हुए नई पीढी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। सुमन दिवस के अवसर पर प्रातः जिला मुख्यालय में छात्रा-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। इस अवसर पर हनुमान चौक में आयोजित कार्यक्रम में डीएम प्रशांत आर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिकों के द्वारा श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सुमन जी के बलिदान का भावपूर्ण स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित की। कार्यक्रम में एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, श्रीदेव सुमन साहित्य कला स्मृति मंच के अध्यक्ष नागेन्द्र दत्त थपलियाल, सचिव शैलेन्द्र नौटियाल, प्रताप सिंह बिष्ट, रविन्द्र नौटियाल, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सुमन दिवस के अवसर डीएम ने शहीद स्मारक पहुंचकर शोभाकार पौधों का रोपण किया।
इधर विकास भवन में अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अमर शहीद श्रीदेव सुमन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
उधर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी में आज देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और टिहरी जनक्रांति के महानायक श्रीदेव सुमन जी की जयंती अत्यंत गौरव और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. नताशा एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बच्चन लाल शाह , मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एम एल शाह के साथ समस्त प्राध्यापकों द्वारा श्रीदेव सुमन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर
इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ शुभम् चौहान, रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ.गम्भीर तोमर,राजनीतिक विभाग के प्राध्यापक डॉ. लोकेश सेमवाल,
भौतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने युवाओं को श्रीदेव सुमन के दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया।