चमोली जिले के नारायणबगड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी पर गिरी दीवार के कारण उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार नारायणबगड़ के सरकारी अस्पताल परिसर में दीवार गिरने से घायल हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ नवीन चंद्र डिमरी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 25 जून को भारी बारिश के कारण बहकर आए मलबे से अस्पताल की बांउड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को क्षतिग्रस्त दीवार का मरम्मत कार्य किया जा रहा था। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. डिमरी मरम्मत कार्य का जायजा ले रहे थे कि अचानक पहले से खोखली हो चुकी दीवार उनके उपर भरभराकर गिर पड़ी और वे उसके नीचे दब गए। हादसे मे डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। अस्पताल में तत्कालिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।