देहरादून/ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति के 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल और सुचारु संचालन के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी अलर्ट मोड पर है। इसी सिलसिले में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को ‘राष्ट्रपति निकेतन’ और ‘राष्ट्रपति आशियाना‘ परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महामहिम राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहाँ वे राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन करेंगी। इसके बाद, अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग अपनी तैयारियों को शत-प्रतिशत त्रुटिहीन रखें। डीएम ने बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी), वन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को अपनी व्यवस्थाओं से संबंधित फिटनेस या क्लियरेंस सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए हैं साथ ही डीएम ने राष्ट्रपति उद्यान में विकसित की जा रही अत्याधुनिक अवस्थापना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) सुविधाओं को तय समय के भीतर पूरा करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को तुरंत बहाल करने को कहा।