जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को सफल बनाने तथा मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मतदाता सूची के शुद्धीकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने का संकल्प ले रहे हैं। अभियान के दौरान स्वीप प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल द्वारा प्रतिभागियों को बताया गया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्मों का वितरण एवं संकलन करेंगे। यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार संपर्क करने का प्रयास करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
मतदाताओं को यह भी जानकारी दी गई कि वे ECI-NET ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर स्वयं भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। साथ ही “Book a Call with BLO” सुविधा के माध्यम से अपने बीएलओ से सीधे संपर्क भी स्थापित कर सकते हैं।