देहरादून/ बुधवार को एससीईआरटी उत्तराखंड, देहरादून में पीएम श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धौंतरी, उत्तरकाशी में कार्यरत विज्ञान शिक्षक एवं विज्ञान संप्रेषक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल की विज्ञान मंडल द्वारा प्रकाशित तीन पुस्तकों आधुनिक विज्ञान व हमारी गौरवशाली परंपरा, प्रकृति विज्ञान व भविष्य तथा धरती विज्ञान व भविष्य का विमोचन श्रीमती वंदना गर्ब्याल, निदेशक एससीईआरटी एवं सीमैट उत्तराखंड द्वारा किया गया।
इन पुस्तकों में आधुनिक विज्ञान, पर्यावरण, भारतीय ज्ञान परंपरा, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता तथा पृथ्वी और प्रकृति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सरल, रोचक एवं व्यवहारिक शैली में प्रस्तुत किया गया है। पुस्तकों का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ विज्ञान को दैनिक जीवन और प्रकृति से जोड़ना है।
डॉ. नौटियाल ने पुस्तकों के माध्यम से यह प्रयास किया है कि विज्ञान केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित न रहकर समाज, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ सके। पुस्तकों में स्थानीय उदाहरणों, प्रकृति आधारित तथ्यों और भारतीय परंपराओं के वैज्ञानिक पक्ष को भी सहज भाषा में समझाया गया है।
इस अवसर पर इंस्पायर अवार्ड के राज्य समन्वयक अवनीश उनियाल, शिक्षक राजेश जोशी, गम्भीर राणा एवं सुरेश शाह सहित अनेक नवाचारी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की पुस्तकें विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक चेतना और पर्यावरणीय संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षा को अधिक रचनात्मक, सरल एवं समाजोपयोगी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।