चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र मे धधकते जंगल की आग गौशाला पहुंची तो उसकी चपेट मे आने से एक महिला की मौत हो गयी। गौरतलब है कि जिले में आग के कारण मौत का ये दूसरा मामला है। मिली जानकारी के अनुसार चमोली जिले के गैरसैंण विकासखंड के आदिबदरी तहसील के बूंगा गांव की 51 वर्षीय सुरेशी देवी मंगलवार देर शाम अपनी गोशाला जा रही थी। इस दौरान जंगल में लगी आग उनकी गोशाला तक पहुंच गई। जिसके चपेट में आने से वो गंभीर रूप से झुलस गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान बूंगा नरेंद्र सिंह ने बताया कि, बगल के गांव ढमकर के जंगल में लगी आग तेज आंधी तूफान के चलते उनके गांव ग्राम पंचायत बूंगा तक पहुंच गई थी। इस दौरान बूंगा गांव से लगभग एक किलोमीटर ऊपर आठ से दस परिवार निवास करते हैं। सभी घरों के नजदीक पहुंच चुकी आग को लोग बुझाने गए थे। इस दौरान महिला भी आग बुझाते वक्त तेज आंधी तूफान के चलते फैली आग की चपेट में आ गई और इस भयानक हादसे का शिकार हो गई। महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बताया कि उनके पति मगनलाल बीमार हैं और घर पर ही रहते हैं. उनके दो बेटे हैं जिसमे एक बेटा दिल्ली और एक बेटा गौचर में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उन्होंने सरकार व वन विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व चमोली जिले के बिरही क्षेत्र में जंगलों में लगी भीषण आग
को बुझाने के दौरान एक फायर वॉचर की चट्टान से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई थी।