देहरादून। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने नगर क्षेत्र में संचालित एक जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। एसएसपी देहरादून को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर देर रात पुलिस ने देहरादून के सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट में छापेमारी कर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मध्यरात्रि को महावीर अपार्टमेंट के तीसरे तल पर स्थित एक फ्लैट में दबिश दी, जहां बड़े स्तर पर ताश और डाइस के जरिए जुए का खेल चल रहा था। पुलिस ने मौके से 3 लाख 10 हजार 600 रुपये नकद, चार गड्डी ताश और 20 डाइस बरामद किए। जांच में पता चला कि फ्लैट रोशन लाल बंसल का है, जो अपने फ्लैट में लोगों को बुलाकर जुआ खिलाता था और स्वयं भी खेल में शामिल रहता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।