एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद में “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रामनगर पुलिस को घरेलू गैस की कालाबाजारी को लेकर बड़ी सफलता मिली है। एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा खराड़ी क्षेत्र, रामनगर स्थित सूचना पर एक मकान में छापेमारी की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हुए अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था उसका भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, रिफिलिंग के उपकरण, तराजू व बाट तथा लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद किया। मौके पर ही अवैध रिफिलिंग करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमन उर्फ भल्ला पुत्र रईस अहमद, उम्र 26 वर्ष, शहजाद पुत्र रईस अहमद उम्र 23 वर्ष दोनो निवासी खताड़ी, नार्मल स्कूल के पास, रामनगर हैं। दोनो अभियुक्त भाई हैं। उक्त दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर थाना रामनगर में 101/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।