डीएम प्रशांत आर्य ने पुरोला तहसील,थाना व ब्लॉक का किया निरीक्षण

 

डीएम प्रशांत आर्य ने पुरोला तहसील कार्यालय पहुंचकर समस्त अनुभागों में चल रहे कामकाज की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नेटवर्क कनेक्टिविटी और ई-ऑफिस के कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और ई ऑफिस का संचालन शत–प्रतिशत सुनिश्चित करने की हिदायत दी। निरीक्षण में भूलेख और खतौनी अनुभाग द्वारा सहखातेदार और अंश निर्धारण में 6000 में से 240 का निर्धारण शेष होना बताया गया जिसको लेकर डीएम ने तेजी लाने के निर्देश दिये ।
डीएम ने वसूली के लंबित मामलों में तेज़ी लाकर शत प्रतिशत वसूली करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने तहसीलदार और उपजिलाधिकारी को अवैध अतिक्रमण वाली सरकारी भूमि एवं विभागीय भूमि को चिन्हित कर अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने क्षेत्र में बढ़ते नशे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को नशे की बढ़ती प्रवृति से रोकने के लिए तहसीलदार को समय–समय पर औचक निरीक्षण करने तथा उपजिलाधिकारी को नगर पालिका , नगर पंचायत का मासिक रिव्यू करने के निर्देश दिये। डीएम ने नशे की बढ़ती समस्या पर पुलिस के अधिकारियों को भी सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। ब्लॉक कार्यालय पुरोला के निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड प्रबंधन, विकास योजनाओं की प्रगति तथा जनसुविधाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन किया। तथा निर्देश दिए कि सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *