उत्तरकाशी नगर में कूड़े को लेकर उठे सवाल अब बौने होते नजर आ रहे हैं। तामाखानी में राह आसान होती नजर आ रही है जो कि पिछले कुछ वर्षों से न केवल एक ज्वलन्त मुद्दा या कहें गंभीर समस्या मुँह बांये खड़ी थी। मौजूदा पालिका बोर्ड का साथ व पालिका चेयरमैन भूपेंद्र चौहान का कूड़े के निस्तारण को लेकर अपने चुनावी मेनिफेस्टो में जो वादा किया था वह वादा पूर्ण होने के करीब पहुंच चुका है। तामाखानी सुरंग के बाहरी रास्ते मे करीब 6 हजार मेट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा चुका है। नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार शेष 90 मीटर के पैच में जो कूड़ा पूर्व में कार्यरत फर्म द्वारा छोड़ा गया है उसके लिये रि-टेण्डर की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। संभवतः 20 दिन के भीतर इसका भी निस्तारण कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि तामाखानी सुरंग का बाहरी मार्ग सुरंग बनने से पहले आवाजाही व मुख्य मार्ग हुआ करता था। सुरंग बनने के बाद इस मार्ग से पैदल आवाजाही हुआ करती थी मगर पिछले पालिका बोर्ड के कार्यकाल में जब कूड़े को डंप करने की जगह नहीं मिली तो कूड़े को इसी मार्ग में ठिकाने लगाया गया। जिसके बाद नगर के प्रवेश द्वार के हालात बदरंग हो गए। गंगा में भी कूड़े की आंच आने लगी। आवाजें भी उठी जिसकी अब सुनवाई हुई। अब रास्ता साफ होने की दशा में इसमें भविष्य में आवाजाही सम्भव हो सकेगी। जनप्रतिनिधियों में नगर को लेकर थोड़ी भी पीड़ा है तो ओपन टनल कोई बहुत बड़ी मांग नहीं है।
