नैनीताल के पहाड़पानी क्षेत्र में लंबे समय से दहशत का पर्याय बने एक गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। उधर गुलदार के पकड़े जाने की सूचना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। विभाग अब इस बात की वैज्ञानिक जांच कर रहा है कि पकड़ा गया यह गुलदार वही है जिसने हाल ही में धारी और ओखलकांडा क्षेत्रें में दो महिलाओं को अपना निवाला बनाया था। मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़पानी के भवानीखेत के जंगलों में गुलदार की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। सोमवार रात यह गुलदार पिंजरे में फंस गया, जिसे विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित केंद्र भेज दिया है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए गुलदार के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात की पुष्टि हो सकेगी कि क्या यही वह आदमखोर वन्यजीव है जिसने क्षेत्र में आतंक मचाया हुआ था।