उत्तरकाशी में उत्तराखंड रजत जयंती सप्ताह का तीसरा दिन राज्य की विकास गाथा, कला, संस्कृति और लोक संवाद का अद्भुत संगम लेकर आया।
विभिन्न सांस्कृतिक टीमों के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद डॉ.कल्पना सैनी ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने लोकनाट्य,लोकगीत,संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत कर दिया। मंच पर प्रस्तुत गढ़वाली,कुमाऊनी और हिमाचली गीतों और लोकनृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को थिरकने पर विवश कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की 25 वर्ष की विकास गाथा और सामाजिक जागरूकता,पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति के संवर्धन का सशक्त संदेश दिया गया।
इधर रजत जयंती सप्ताह के अंतर्गत जनहित से जुड़े विविध विषयों पर विभागों द्वारा सार्थक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। परिवहन विभाग द्वारा ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी पर जानकारी दी गई। पुलिस विभाग ने नशा मुक्त भारत अभियान,साइबर अपराध,महिला उत्पीड़न की रोकथाम,यातायात सुरक्षा तथा बाल अपराधों की रोकथाम विषयों पर परिचर्चा एवं संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, आत्मरक्षा के उपाय और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।
