दीपावली के दिन मुख्यमंत्री पहुंचे मझाड़ा गांव, पुनर्निर्माण कार्यों का लिया जायजा, प्रभावितों को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

 

 

देहरादून/ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र स्थित मझाड़ा गांव का दौरा कर आपदा प्रभावितों से मुलाकात की और प्रभावित क्षेत्र में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। त्योहारी सीजन के बीच भी मुख्यमंत्री ने जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने आपदा से हुए नुकसान की गंभीरता को देखते हुए राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि प्रभावित परिवार जल्द से जल्द अपने जीवन को पुनः व्यवस्थित कर सकें। आपदा प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा के समय पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारे लिए जनकल्याण और जनसेवा सर्वाेपरि है। आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को शीघ्र और पर्याप्त सहायता मिले तथा उनका जीवन सामान्य गति से चल सके। मुख्यमंत्री के दौरे और संवेदनशील रुख को देखते हुए स्थानीय लोगों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। जनता ने कहा कि मुख्यमंत्री का मौके पर पहुंचना उनके लिए संबल देने वाला कदम है, जिससे यह विश्वास बढ़ा है कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *