दीपावली से पहले झटका, यूपीसीएल ने बढ़ाई बिजली की दर

 

इस दीपावली पर अपने आवास को रंग बिरंगी झालर अथवा विद्युत चलित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से जगमग करने की योजना बना रहे हैं, तो जरा संभल के, क्योंकि इस दफा की दीपावली पर बिजली का ज्यादा खर्च करना आपकी जेब पर भारी पड़ने वाला है। वह इसलिए, क्योंकि बिजली महकमे ने फ्यूल पावर परचेज कास्ट एडजस्टमेंट के अंतर्गत अक्टूबर माह की विद्युत दर जारी करते हुए बिजली की दरों में 6 पैसे से लेकर 26 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी कर दी है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा बिजली दरों में की गई इस बढ़ोतरी से उत्तराखंड के लगभग 83 लाख विद्युत उपभोक्ता सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। लिहाजा इन उपभोक्ताओं का अक्टूबर माह का बिजली बिल 26 रुपया से लेकर 104 रुपए तक बढ़ जाएगा। देखिए ना बिजली महकमे ने बिजली की दरों में यह वृद्धि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब में बदलाव किए जाने के एक पखवाड़े से भी कम अवधि के भीतर ही कर दी है यानि की केंद्र सरकार ने जीएसटी के स्लैब में बदलाव कर एक ओर जहां आम लोगों को राहत देकर थोड़ी बहुत खुशी देने की कोशिश की तो वहीं दूसरी ओर बिजली महकमे ने तुरंत बाद ही बिजली की दरों में वृद्धि कर दी।उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुख्य अभियंता कॉमर्शियल जसवंत सिंह के अनुसार अक्टूबर 2025 में उत्तराखंड में बिजली के बिलों में फ्यूल पावर परचेज एडजेस्टमेंट के तहत बढ़ोतरी लागू होगी। इसके तहत बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 6 पैसे, सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 17 पैसे, कॉमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए 24 पैसे, सरकारी संस्थानों के लिए 23 पैसे, निजी टड्ढूबवेल के लिए 7 पैसे, औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए 23 पैसे, मिक्सड लोड के लिए 21 पैसे, रेलवे के लिए 21 पैसे, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों के लिए 21 पैसे, अस्थायी निर्माण के लिए 26 पैसे और कृषि गतिविधियों के लिए 12 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *