1863 में बना नैनीताल का ओल्ड लंदन हाउस आग की भेंट चढ़ा,आग की चपेट में आने से महिला की मौत

 

नैनीताल का ओल्ड लंदन हाउस बुधवार की रात आग की भेंट चढ़ गया। हाउस के भीषण आग की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। नैनीताल के मल्लीताल स्थित मोहन चौराहे में 1863 में निर्मित ओल्ड लंदन हाउस भवन आग से जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार घर में मां और बेटा रहते थे। बुजुर्ग महिला इतिहासकार प्रोफेसर अजय रावत की बहन शांता बिष्ट थीं। उनकी उम्र करीब 86 साल थी। जानकारी के अनुसार नैनीताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब मोहन चौराहे पर 1863 में बने ओल्ड लंदन हाउस में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। आग पर काबू पाने के बाद दमकल कर्मियों और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के साथ मिलकर बुजुर्ग महिला के शव को घर से बाहर निकाला। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। आग विकराल होती देख पुलिस ने एहतियातन आसपास की दुकानों और घरों को भी खाली करवा दिया। इसके साथ ही बिजली की आपूर्ति भी कट करा दी गई। करीब 2 घंटे की मशकत के बाद आग पर काबू पाया गया। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया जिस घर में आग लगी वह लकड़ी से बना पुराना घर था। जिस वजह से आग तेजी से लगी। इसके बावजूद भी दमकल और पुलिस ने तत्परता से आग को फैलने से रोका गया। प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिस घर में आग लगी उस घर में शांता देवी और उनका बेटा निखिल रहते थे। जिस वक्त घर में आग लगी बेटा घर से बाहर था, जिस कारण उसकी जान बच गई और बुजुर्ग महिला आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि पहले शांता देवी की बहन भी साथ रहती थी जिनका कोरोना काल में निधन हो गया था। जिस घर में आग लगी वह नैनीताल के पुराने भवनों में से एक है, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर करीब दर्जन भर से अधिक दुकानें और रेस्टोरेंट हैं। घर में आग लगने के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सभी लोगों ने अपनी-अपनी दुकान तत्काल खाली की। हालांकि आग दुकान तक नहीं पहुंची पाई। नैनीताल में अग्निकाण्ड के बाद आईजी रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी देर रात तक मौके पर डटे रहे। विकराल हो रही आग को देखते हुए हल्द्वानी, रामनगर और उधम सिंह नगर समेत अन्य स्थानों से दमकल की गाड़ियों को नैनीताल बुलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *