देहरादून जिले के 125 किचन विहीन विद्यालयों के तथ्य पर डीएम सविन बंसल ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने शिक्षा विभाग को मौके पर ही अनटाइड फंड से किए 1 करोड़ जारी किए। डीएम ने निर्देश दिए कि खाना पकाने के सभी बर्तन लोहे के हो, स्कूल किचन में एल्यूमीनियम के सभी बर्तन को तत्काल रिजेक्ट करें। डीएम ने कहा कि अधिक छात्र संख्या वाले 50 स्कूलों में एक लोकल महिला की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है, यह अतिरिक्त महिला भोजन माता की सहायक रहेगी। इसके लिए जिला प्लान से बजट दिया जाएगा। डीएम ने जीर्णशीर्ण 695 विद्यालयों के किचन मरम्मत को भी जिला प्लान में शामिल करने के निर्देश दिए साथ ही हिदायत दी कि स्कूल में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण तत्वों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, पौष्टिक और सम्पूर्ण आहार उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। डीएम ने उक्त बात व निर्देश प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा के दौरान दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक प्रेमलाल भारती, एसीएमओ डॉ.नरेन्द्र कुमार, आरबीएसके मैनेजर गीता शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के.अग्रवाल, डीपीओ जितेन्द्र कुमार सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।