उधमसिंहनगर के रुद्रपुर में डबल मर्डर का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, बाप-बेटे की हत्या की थी

 

रुद्रपुर के गल्ला मंडी में एक दुकान के विवाद में पिता व पुत्र की हत्या में वांछित बिलासपुर,रामपुर के हरदीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्रतार कर लिया है। आरोपित से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। ईश्वर कालोनी निवासी गुरमेज सिंह और उनके पुत्र मनप्रीत सिंह की गल्ला मंडी स्थित दुकान को लेकर सोमवार तड़के गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जबकि उनका दूसरा पुत्र सुरेंद्र सिंह बाल-बाल बच गया था। इस मामले में पुलिस ने अवधेश सलूजा और उसका भाई दिनेश सलूजा सहित 15 पर प्राथमिकी पंजीकृत कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य आरोपित अवधेश सलूजा, दिनेश सलूजा के साथ ही उनके भाई हेमंत सलूजा, हरीश, चरनजीत सलूजा के साथ ही एलाइंस कालोनी निवासी विशाल आनंद पुत्र आनंद कुमार को गिरफ्रतार कर जेल भेज दिया था। हत्या के षड़यंत्र में बिलासपुर निवासी हरदीप और उसके दो अन्य साथियों के भी शामिल होने की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने हरदीप सिंह के विरुद्ध कोर्ट से गैर जमानती वारंट लिया था और बिलासपुर, रामपुर समेत अन्य संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी थी मगर वांछित नहीं मिला। इस बीच शुक्रवार को पुलिस ने उसके घर की कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन किया था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हत्यारोपी हरदीप सिंह के पुलिस को केलाखेड़ा क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस टीम केलाखेड़ा पहुंची और घेराबंदी कर हरदीप सिंह को गिरफ्रतार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उससे डिबडिबा क्षेत्र से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की। पुलिस ने बताया कि अब हरदीप को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *