डीएम सविन बंसल का जनता दरबार, कइयों को मिला न्याय,मौके पर कार्यवाही भी

 

 

डीएम देहरादून सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दरबार लगाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनी। जनता दरबार में फरियादियों ने 105 समस्याएं रखी। जिसमें से अधिकांश समस्याओं का डीएम ने मौके पर निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों को जन समस्याओं का त्वरित समाधान और उनका समयबद्वता से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। जनता दरबार मे जन सुनवाई के दौरान जिला खनन अधिकारी के उपस्थित न रहने पर डीएम ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए। जनता दरबार में पहुंची भुडगाव, पडितवाडी निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग मंगला देवी ने अपनी व्यथा डीएन को सुनाई। पडोसी से आपसी विवाद, उनकी मानसिक एवं शारीरिक स्थिति और बुजुर्ग महिला को विधिक न्याय दिलाने के लिए डीएम ने ‘‘सारथी’’ से वन स्टॉप सेंटर भिजवाकर बुजुर्ग को आश्रय दिलाया। साथ ही उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को पूरी जांच कराते हुए विविध कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन कार्यक्रम में 10 वर्षों से न्याय को भटक रही बजुर्ग महिला को जनता दर्शन में इंसाफ मिला, अनाधिकृत निर्माण तथा आवासीय स्थल पर नियमविरूद्ध गतिविधि, बुजुर्ग के उत्पीड़न पर अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण के आदेश मौके पर ही जारी किए।
डाण्डीपुर मोहल्ला निवासी विधवा महिला अंजना ने डीएम को अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उनकी दो छोटी बेटियां है और पति का देहांत होने के बाद उनके पास कोई रोजगार नहीं है। बेटियों की परवरिश और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए डीएम ने खनन अधिकारी को निर्देशित किया कि महिला को खनन न्यास निधि से प्रचलित पारिश्रमिक दरों पर नियुक्त करते हुए रोजगार दिया जाए।
डोईवाला निवासी विधवा महिला लता थपलियाल और राजीव नगर निवासी विधवा महिला संगीता ने अपनी-अपनी बालिकाओं की शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दोनों प्रकरणों की जांच कर नंदा सुनंदा के अंतर्गत आवेदन स्वीकृत हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
भितरली निवासी कविता रावत की कृषि भूमि पर अवैध कब्जे एवं बिना सहमति जेसीबी चलाने की समस्या पर डीएम ने एसडीएम सदर और सब रजिस्ट्रार की संयुक्त समिति गठित करते हुए जांच कर एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विवेक विहार निवासी बी.एल. सेठ ने छत पर टिन शेड लगाने हेतु कांवली रोड स्थित वेल्डिंग की दुकान मालिक पर एक लाख की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस द्वारा अभी तक एफआईआर दर्ज न किए जाने पर डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराते हुए मामले का निराकरण करने को कहा।

संस्कृति लोक कॉलोनी हरिद्वार, ब्राह्मण वाला स्थित अवैध खनन भंडारण और बिक्री किए जाने की शिकायत पर जिला खनन अधिकारी को मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा कई अन्य समस्याओं का समाधान किया गया।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *