हल्द्वानी में बरेली रोड के तीनपानी के पास एक कार अज्ञात वाहन से टकरा गयी जिससे कार में सवार दो लोगो की मौत हो गईं जबकि एक गंभीर घायल हो गया। घायल को एसटीएच हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 3 बजे मण्डी क्षेत्र में मिलन बैंकेट हॉल के पास स्विफ्ट कार संख्या यूके 02ए 9035 अज्ञात वाहन से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और कार के परखच्चे उड़ गये।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार में तीन व्यक्ति फंसे थे। जिसके बाद फायर कर्मियों को बुलाकर कटर के माध्यम से वाहन को काटकर कार में फंसे संजीव कुमार चौबे पुत्र पूरन चन्द्र निवासी छतीउडेरा बागेश्वर, गौरव जोशी पुत्र भुवन चन्द्र जोशी निवासी विलौना बागेश्वर, हिमांशु कुमार पुत्र कुन्दन प्रसाद निवासी विलौनासेरा बागेश्वर को वाहर निकालकर 108 की मदद से सुशीला तिवारी हास्पिटल पहुंचाया, जिसमें से चिकित्सकों ने संजीव कुमार चौबे पुत्र पूरन चन्द्र निवासी छती उडेरा बागेश्वर, गौरव जोशी पुत्र भुवन चन्द्र जोशी निवासी विलौना बागेश्वर को मृत घोषित किया गया। वहीं हिमांशु कुमार पुत्र कुन्दन प्रसाद निवासी विलौना सेरा बागेश्वर घायल अवस्था में है,जिसका सुशीला तिवारी हास्पिटल में उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।