राज्यपाल के अभिभाषण के साथ मंगलवार को राजधानी में विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया । राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा जारी रहा। सत्र से पहले सीएम धामी ने ई विधानसभा का शुभारंभ किया। बजट सत्र के शुभारम्भ पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त गुरमीत सिंह ने अपने अभिभाषण में सरकार के कार्यों का जिक्र किया। राज्यपाल ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड, देश का पहला राज्य है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में वर्ष 2000-2001 में प्रति व्यक्ति आय 16,232 रुपये थी, जो वर्ष 2023-24 में 2,46,178 रुपये हो गई है। जो हमारी राज्य की निरन्तर प्रगति को दर्शाता है। इसके अलावा राज्यपाल ने सरकार के कार्यों समेत सरकार की प्राथमिकताओं संकल्पों को भी दोहराया।
उधर अभिभाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा रहा। विपक्ष के
विधायक सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
इधर सत्र के शुभारम्भ से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण की उपस्थिति में ई-विधान एप्लीकेशन का लोकार्पण किया और कहा कि इस बार विधानसभा का बजट सत्र नेशनल ई- विधान एप्लीकेशन के तहत संचालित किया जा रहा है। उत्तराखण्ड में विधानसभा के कार्यों को डिजिटल और पेपरलेस बनाने के लिए ई-विधानसभा प्रणाली अपनाई गई है। इसके माध्यम से विधायकों को कार्यसूची, विधानसभा में पूछे गये प्रश्नों के जवाब और अन्य दस्तावेज अब ऑनलाइन उपलब्ध कराये जायेंगे। इसके तहत विधानसभा में विधायकों की टेबल पर टैबलेट लगाए गए हैं, और सभी दस्तावेज डिजिटल रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि विधानसभा की कार्यवाही अधिक दक्षता से संपन्न होगी।