उत्तराखंड एसटीएफ और वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली की टीम ने जॉइंट ऑपरेशन मे एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।तस्कर नेपाली नागरिक हैं जिसके पास से भालू के दो पित्त बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। भालू के पित्त के साथ गिरफ्तार अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्कर शेरी राम लंबे समय से वन्यजीवों की तस्करी कर रहा था। बताया जा रहा है कि एसटीएफ और डब्ल्यूसीसीबी की टीम को सूचना मिली थी कि पिथौरागढ़ क्षेत्र में वन्यजीव के अंगों की तस्करी होने वाली है। इस पर संयुक्त टीमों ने पिथौरागढ़ क्षेत्र में डेरा डाल दिया और पिथौरागढ़ फॉरेस्ट रेंज के शिलोनी अड़किनी तिराहे के पास से उक्त तस्कर को दो भालू की पित्त के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह भी जानकारी मिली कि आरोपी आज पित्त की थैली की तस्करी करने पिथौरागढ़ आया हुआ था, लेकिन पकड़ा गया। अभियुक्त तस्कर के खिलाफ पिथौरागढ़ फॉरेस्ट रेंज में वन्यजीव अधिनियम (वाइल्ड लाइफ एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।