मिशन गंगोत्री 2027, कई चेहरे, भाजपा किस पर लगाएगी दावं

 

 

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित दावेदारों में सक्रीयता बढ़ गई है। कुछ चेहरे खुल कर दावेदारी कर सामने आ रहे हैं तो कुछ अभी साइलेंट हैं। दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। इस दावेदारी को लेकर भाजपाई अपने पसंद या खास दावेदारों के बीच बटने लगे हैं ऐसे में संगठनात्मक वाली स्थिति फिलहाल नजर नहीं आ रही। यानि इसे धड़ेबाजी की नजर से भी देखा जा रहा है टिकट फाइनल होने तक।
भाजपा 2027 में किसे चेहरा बनाएगी या किस पर दावं खेलेगी यह अन्ततः पार्टी आलाकमान तय करेगा लेकिन इससे पहले रिहर्सल में कौन चेहरा जिताऊ होगा यह रिपोर्ट ग्राउंड तय करेगा। सिटिंग विधायक भाजपा से है लिहाजा सिटिंग विधायक की हैसियत से पहली दावेदारी में नाम तो बनता है। सिटिंग विधायक के 5 साल के काम-काज व जनता के बीच छवि के रिपोर्ट कार्ड की समीक्षा आलाकमान ने ही करनी है और इसमें वे कितना खरा उतर पाते हैं इस पर पार्टी नेतृत्व ही मंथन करेगा।
गंगोत्री की राजनीति में पिछले दो एक वर्षों से बड़ा बदलाव हुआ है। विपक्ष को हासिये पर लाकर भाजपा यहाँ सबसे ज्यादा नेताओं वाली पार्टी बन गई है। नतीजन भाजपा से विधायक बनने की चाहत में दावेदारों की संख्या भी बढ़ गई है। दावेदारों में अधिकांश चेहरे पहले से पार्टी व संगठन से जुड़े लोग हैं तो कांग्रेस से भाजपा में एंट्री करने वाला एक बड़ा चेहरा भी शामिल है जिसे राजनीतिक हल्कों व चर्चाओं में संभावित प्रबल दावेदार माना जा रहा है।इनका भी जनसंपर्क चल रहा है। पार्टी में अन्य संभावित प्रबलतम दावेदार जिनके चेहरे सामने आए हैं उनमें डुंडा से पंचायत प्रमुख का नाम भी है। इन्होंने खुलकर दावेदारी की है और जनसंपर्क में लगे हैं। मुख्यमंत्री के करीबी एक नेता की भी दावेदारी सामने आ रही है जबकि एक दर्जाधारी भी दावेदारी की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। जिला भाजपा संगठन से जिलाध्यक्ष स्वयं भी दावेदार बताए जा रहे हैं। डुंडा ब्लॉक से पार्टी के एक पूर्व पदाधिकारी जो पंचायत का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और डुंडा में किसानों के संगठन से जुड़े हैं ने भी अपनी दावेदारी की बात की है। पार्टी के एक दावेदार जिनका खासा जनाधार भी है और चर्चित चेहरा भी, वे साइलेंट हैं। वक़्त आने पर सामने आएंगे ऐसा उनका संकेत है। संगठन व पार्टी के अंदर कुछ अन्य दावेदार भी हैं। एक दावेदार ने तो अभी पिछले दिनों मीडिया के सम्मुख अपनी दावेदारी की बात कही। पार्टी के अंदर कुछ ऐसे भी समर्पित कार्यकर्ता हैं जो कई बार चुनावों में दावेदारी कर चुके हैं लेकिन झंडा बोकने के सिवा कभी कहीं उनकी सुनवाई नहीं हुई। यहाँ तक कि सरकार होते कहीं कोई दर्जा पद भी नही मिला फिर भी पार्टी में बने रहते हुए भी नाराजगी झेल रहे हैं।

बहरहाल सत्ता दल से दावेदारों का अपने-अपने समर्थकों को साथ लेकर एक तरह से जनसंपर्क शुरू हो चुका है साथ ही धार्मिक,सांस्कृतिक आयोजनों में भी दावेदारों की उपस्थिति नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *