पिथौरागढ़/ भारत सरकार के सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं स्थानीय जनसमुदाय के सशक्तीकरण की प्रतिबद्धता के अनुरूप भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की 14वीं वाहिनी, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत वाहिनी के क्षेत्राधिकार में स्थित वाइब्रेंट विलेज के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं हेतु 9 दिवसीय शैक्षणिक भारत दर्शन भ्रमण का सोमवार को आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्री राम भरत सिंह कुशवाहा, सेनानी, 14वीं वाहिनी, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा हरी झंडी दिखाकर छात्र-छात्राओं के भ्रमण दल को दिल्ली एवं जयपुर के लिए रवाना किया गया। भ्रमण दल के साथ वाहिनी के चार पदाधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो संपूर्ण यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा, देखभाल एवं आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को देश की राजधानी दिल्ली में लाल किला, इंडिया गेट एवं अक्षरधाम मंदिर तथा जयपुर में आमेर दुर्ग, हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर एवं जल महल आदि सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य सीमावर्ती एवं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय गौरव एवं आधुनिक विकास से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना तथा उनके शैक्षणिक ज्ञान, दृष्टिकोण एवं व्यक्तित्व का विस्तार करना है।
इस अवसर पर सेनानी श्री राम भरत सिंह कुशवाहा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान से परे व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है तथा उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम एवं जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने तथा इस अवसर का अधिकतम शैक्षणिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि 14वीं वाहिनी, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, जाजरदेवल, पिथौरागढ द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में अपने सीमा सुरक्षा संबंधी दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ स्थानीय जनसमुदाय के सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान, युवाओं के सशक्तीकरण तथा नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने हेतु निरंतर विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन कर रही है। सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित यह भारत दर्शन यात्रा इसी जनकल्याणकारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया है।
