आईटी पार्क क्षेत्र को जलभराव से निजात, जिला प्रशासन ने तैयार किया प्लान

 

देहरादून/ सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या का वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने तथा रिस्पना नदी के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा मे डीएम डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं विशेषज्ञों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईटी पार्क क्षेत्र के लिए तैयार किए गए ड्रेनेज सिस्टम तथा राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट एवं इको पार्क विकसित करने की कार्ययोजना का विस्तृत प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुत कार्ययोजना के तहत आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 38 करोड़ रुपये तथा राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट एवं इको पार्क के विकास के लिए लगभग 2.74 करोड़ रुपये की लागत के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
डीएम ने रिस्पना रिवरफ्रंट विकसित करने के प्रस्ताव पर जिला योजना एवं डीएमएफ (जिला खनिज फाउंडेशन) फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार की गई लगभग 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को शासन स्तर पर प्रेषित करने के निर्देश भी डीएम ने दिए।
उधर डीएम के निर्देशों के क्रम में सिंचाई विभाग के माध्यम से चिन्हित कंसल्टेंसी के विशेषज्ञों को आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारणों का गहन तकनीकी सर्वेक्षण कर ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों द्वारा ड्रेनेज सिस्टम एवं रिस्पना नदी के जीर्णाेद्धार से संबंधित प्रस्तावों का तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *