राज्य स्थापना दिवस,मिनी सरस आजीविका मेले का हुआ शुभारंभ

 

 

उत्तरकाशी/ प्रदेश के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रामलीला मैदान मे जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले का शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला 13 नवंबर तक चलेगा। मेले का उद्देश्य महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। मेले के शुभारंभ पर डीएम प्रशांत आर्य उपस्थित रहे। मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पादों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में गढ़भोज का स्टॉल भी लगाया गया है। कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रामलीला मैदान में आयोजित अंडर-20 प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन भी हुआ। डुंडा की टीम ने 34-26 से मुकाबला अपने नाम करते हुए प्रतियोगिता का खिताब जीता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *